91255 06666   |   Registration   |   Login

"नैना टूटती नहीं, जिंदगी से लड़ती है" - खुश्बू राजेंद्र

"नैना टूटती नहीं, जिंदगी से लड़ती है" - खुश्बू राजेंद्र

मुंबई। अभिनेत्री खुश्बू राजेंद्र जल्द ही इट्स ऑलराइट टीवी के नए वर्टिकल शो 'व्हेन वीर मेट नैना' में नैना के किरदार में नजर आने वाली हैं। इस शो और अपने किरदार के बारे में बात करते हुए खुश्बू कहती हैं कि नैना एक ऐसी लड़की है जिसने जीवन में बहुत कुछ सहा है, लेकिन कभी हार नहीं मानी।

खुश्बू के लिए वर्टिकल फॉर्मेट ऐसे समय पर आया जब वह कुछ अलग करना चाहती थीं, लेकिन लंबे टेलीविजन शेड्यूल के लिए तैयार नहीं थीं। उनका मानना है कि माइक्रो ड्रामा कलाकारों को छोटी कहानियों में भी अपना सर्वश्रेष्ठ देने का मौका देता है। खुश्बू कहती हैं, "वर्टिकल मेरी जिंदगी में तब आया जब मैं कुछ बहुत बड़ा नहीं करना चाहती थी। मेरे पास उस वक्त भावनात्मक रूप से उतनी क्षमता नहीं थी। जब आप कोई बड़ा टीवी शो नहीं करना चाहते और आपका कोई गॉडफादर नहीं है, तब यह एक शानदार माध्यम है।"

नैना के किरदार को लेकर खुश्बू बताती हैं कि यह उनके पहले निभाए कई मजबूत किरदारों जैसा ही है। नैना एक सर्वाइवर है जो कभी टूटती नहीं। कहानी में एक खतरनाक विलेन है जो नैना के प्रति जुनूनी है और उसका पीछा करता है, लेकिन वह हर मुश्किल से लड़कर निकलती है। इसी दौरान उसकी मुलाकात वीर से होती है, जो उसे शुरू में बिल्कुल पसंद नहीं आता, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच हल्का-फुल्का रोमांस पनपता है।

खुश्बू इस प्रोजेक्ट के लिए चैनल और प्रोड्यूसर्स की एनर्जी को श्रेय देती हैं। सेट पर सह-अभिनेता मोहित के साथ काम करने का अनुभव उन्हें ताजगी भरा लगा। एक मजेदार किस्सा साझा करते हुए उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान उनकी मां सेट पर आई थीं। एक सीन में हवलदार का किरदार निभा रहे अभिनेता का डायलॉग अटक रहा था, तो उनकी मां ने कहा, "तीन टेक में नहीं आया, मैं बोल देती।"