91255 06666   |   Registration   |   Login

अक्षय ओबेरॉय का करजत कनेक्शन,अपना ड्रीम फार्महाउस ख़रीदा

अक्षय ओबेरॉय का करजत कनेक्शन,अपना ड्रीम फार्महाउस ख़रीदा

अक्षय ओबेरॉय इन दिनों अपने निजी और पेशेवर जीवन, दोनों में शानदार दौर से गुज़र रहे हैं। अभिनेता ने हाल ही में अपनी जिंदगी में एक खास उपलब्धि का जश्न मनाया है। उन्होंने करजत में अपना नया फार्महाउस तैयार किया है। यह खूबसूरत फार्महाउस पिछले डेढ़ साल से बन रहा था और अब पूरी तरह तैयार हो चुका है। यह अक्षय की मेहनत और उनकी सोच का नतीजा है।

इस उपलब्धि को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए अक्षय ने कहा, “यह फार्महाउस मेरे लिए सिर्फ एक घर या प्रॉपर्टी नहीं है, बल्कि मेरी अपनी सुकून की जगह है। यहां आकर मैं मुंबई की भागदौड़ से दूर हो जाता हूं और खुद के साथ और अपने परिवार के साथ समय बिता पाता हूं। प्रकृति के बीच एक घर होना हमेशा से मेरा सपना रहा है। यहां आकर मन को बहुत सुकून मिलता है और अपने व्यस्त कामकाजी शेड्यूल से दूर जाने का एक बेहतरीन मौका मिलता है। यहां अपनी पत्नी और बेटे के साथ अच्छा समय बिताना मेरे लिए बेहद खास है। यह वह जगह है जहां मैं आराम कर सकता हूं, खुद को तरोताजा कर सकता हूं और जिंदगी के छोटे-छोटे पलों का आनंद ले सकता हूं।”

करजत के खूबसूरत और शांत माहौल में बना यह फार्महाउस अक्षय के लिए एक खास छुट्टी वाला घर है, जिसे उन्होंने अपनी पसंद और सोच के मुताबिक तैयार करवाया है। हालांकि, इसके आसपास का लैंडस्केप और बागवानी का कुछ काम अभी जारी है, लेकिन घर पहले से ही अभिनेता और उनके परिवार के लिए सुकून की जगह बन चुका है। अक्षय ने हाल ही में क्रिसमस और नए साल का जश्न भी इसी फार्महाउस में अपने करीबी दोस्तों और परिवार के साथ मनाया। उनके लिए यह खूबसूरत जगह जिंदगी के एक नए अध्याय की शुरुआत है।

न्यू जर्सी से मुंबई आने और यहां अपना सपनों का घर बनाने से लेकर अब करजत में अपना फार्महाउस तैयार करने तक के सफर को याद करते हुए अक्षय ने आभार जताया। उन्होंने कहा, “मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं। हाल के दिनों में जिन अच्छे प्रोजेक्ट्स का मैं हिस्सा रहा हूं, उनकी वजह से ही यह फार्महाउस मेरे लिए संभव हो पाया। यह मुझे याद दिलाता है कि मैं अपनी ज़िंदगी में कितना आगे आया हूं और मेरे पास आभारी होने के लिए कितना कुछ है।”