मुंबई। अभिनेत्री सोनिया बंसल जल्द ही चर्चित कॉमेडी फिल्म ‘मालामाल वीकली 2’ में नजर आएंगी। हिंदी और तेलुगु फिल्मों के साथ-साथ वेब सीरीज, म्यूजिक वीडियो और रियलिटी टेलीविजन में काम कर चुकीं सोनिया ने इस फिल्म की स्टारकास्ट में अपनी जगह बना ली है। फिल्म की शूटिंग नवंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है।
‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ का निर्देशन कर चुके अमित जोशी इस फिल्म का निर्देशन करेंगे। फिल्म में कई बड़े कलाकार एक साथ दिखाई देंगे। इसकी स्टारकास्ट में परिणीति चोपड़ा, रवीना टंडन, शिल्पा शिरोडकर, एल्विश यादव, फरदीन खान और महेश मांजरेकर जैसे नाम शामिल हैं। हाल ही में ईशा देओल और सोनिया बंसल को भी फिल्म से जोड़ा गया है।
सोनिया बंसल ने ‘नॉटी गैंग’, ‘गेम 100 करोड़ का’, ‘डुबकी’ और ‘धीरा’ जैसी फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा वेब सीरीज ‘शूरवीर’ में भी उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया। ‘बिग बॉस 17’ में हिस्सा लेने के बाद सोनिया को देशभर में नई पहचान मिली। शो के दौरान उनके व्यक्तित्व और बेबाक अंदाज ने दर्शकों का ध्यान खींचा था।
सोनिया ने अपने स्वतंत्र प्रोजेक्ट ‘द लास्ट ब्रीद’ के लिए कान फिल्म महोत्सव के रेड कारपेट पर भी शिरकत की थी। यह उनके करियर का खास अंतरराष्ट्रीय पड़ाव माना जाता है। अभिनय के अलावा सोनिया फिटनेस और डांस को लेकर भी काफी सक्रिय रहती हैं। दोनों ही उनके जीवन और पेशेवर सफर का अहम हिस्सा हैं। ऐसे में ‘मालामाल वीकली 2’ में उनका किरदार दर्शकों के लिए कितना मनोरंजक होगा, यह देखना दिलचस्प रहेगा।
