हिमांशु राज़
आगरा: आज समाज को समर्पित निर्माता–निर्देशक सूरज तिवारी की डाक्यूमेंट्री फिल्म “नेत्रदान” (कॉर्निया डोनेशन) का भव्य प्रीव्यू शो हुआ, जिसमें नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने का संदेश स्पष्ट किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणपति जी को नमन करते हुए की गई, जिसके बाद फिल्म का प्रीव्यू दिखाया गया, जिसे दर्शकों की गर्मजोशी भरी तालियों से सम्मानित किया गया। फिल्म में कॉर्निया डोनेशन का पूरा प्रोसेस सरल भाषा में दिखाया गया है और इस बात को स्पष्ट किया गया है कि नेत्रदान से कोई समस्या नहीं होती, न ही अंतिम संस्कार में दिक्कत आती है। पूरी आँख निकाली नहीं जाती और चेहरा भी बिल्कुल अछूता रहता है।
फिल्म लेखक–निर्देशक सूरज तिवारी ने कहा कि यदि समाज‑केंद्रित विषयों पर ऐसी फिल्में बनती रहेंगी तो लोगों में फैली भ्रांतियां धीरे‑धीरे दूर होती जाएंगी। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि आँखों का दान महादान है और इसमें कुछ भी जाता नहीं है; उन्होंने आह्वान किया कि मृत्यु से पहले नेत्रदान के लिए रजिस्ट्रेशन करवाकर किसी की दुनिया को रोशन किया जाए। फिल्म का पोस्टर एवं प्रोमो विमोचन कर सभी कलाकार, निर्माण टीम और नेत्रदानकर्ता परिवारों को मिमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
यह फिल्म पूरी तरह स्वायत्त रूप से बनाई गई है; इसे किसी राजनेता या सरकार द्वारा कोई आर्थिक या संस्थागत सहयोग नहीं मिला। फिल्म टीम ने उन्हें समाज से जुड़े व्यक्तित्वों के इंटरव्यू दिखाए हैं जो नेत्रदान के महत्व को समझाते हैं। इस कार्यक्रम ने नेत्रदान को एक सामाजिक बदलाव के संकेत के रूप में प्रस्तुत किया है।