सूफी मोतीवाला का कान्स डेब्यू: वायरल फैशन स्टार की ग्लोबल पहचान

11 मई 2026
सूफी मोतीवाला का कान्स डेब्यू: वायरल फैशन स्टार की ग्लोबल पहचान

हिमांशु राज़ 

भारतीय फैशन क्रिएटर और कमेंटेटर सूफी मोतीवाला 12 से 17 मई 2026 के बीच होने वाले कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपना शानदार डेब्यू करने जा रहे हैं। वह फैशन की अपनी अलग और ओरिजिनल आवाज़ को दुनिया के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित मंचों में से एक पर लेकर जाएंगे, जहां सिनेमा, संस्कृति और फैशन का खास संगम देखने को मिलता है।

सिर्फ 22 साल की उम्र में सूफी का कंटेंट क्रिएशन से लेकर OTT और अब कान्स तक पहुंचना उनके लिए एक बेहद खास और प्रेरणादायक सफर रहा है। वह लंबे समय से इस फेस्टिवल को फैशन और संस्कृति के बड़े मंच के तौर पर देखते आए हैं। ऐसे में कान्स में डेब्यू करना उनके करियर का बड़ा मुकाम होने के साथ-साथ उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि और सम्मान भी है।

अपने तीखे फैशन कमेंट्री, अनोखे नज़रिए और स्टाइल को लेकर बेबाक सोच के ज़रिए सूफी ने सोशल मीडिया पर अपनी एक मज़बूत पहचान बनाई है। आज वह भारत की नई पीढ़ी की सबसे दमदार फैशन आवाज़ों में से एक बन चुके हैं।

उनकी अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मज़बूती तब मिली जब ब्रिटिश फैशन काउंसिल ने उन्हें फैशन के भविष्य को आकार देने वाले टॉप 50 क्रिएटिव्स में शामिल किया। यह बड़ी उपलब्धि उन्हें दुनिया के उन नए ट्रेंडसेटर्स की कतार में खड़ा करती है जो फैशन इंडस्ट्री को नए अंदाज में परिभाषित कर रहे हैं।

अब, कान्स में अपने डेब्यू के लिए रवाना होते हुए और 17 मई को रेड कार्पेट पर पहली बार कदम रखते हुए, सूफी दुनिया के सबसे बड़े सांस्कृतिक मंचों में से एक पर नज़र आएंगे, जहां वह ग्लोबल सिनेमा, फैशन और एंटरटेनमेंट की बड़ी हस्तियों के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे।

इस खास उपलब्धि पर सूफी मोतीवाला ने कहा, “मेरे लिए फैशन हमेशा सिर्फ कपड़े नहीं रहा, यह संस्कृति, पहचान, कहानी और बातचीत का माध्यम है। कान्स हमेशा से मेरे लिए एक ऐसा मंच रहा है जहां फैशन और सिनेमा अपने सबसे बेहतरीन रूप में नज़र आते हैं। 22 साल की उम्र में वहां पहुंचना मेरे लिए किसी सपने जैसा है। कुछ ही सालों में मेरा सफर मुझे इस ग्लोबल मंच तक ले आएगा, जिसे मैं इतने सालों से पसंद करता आया हूं, यह मेरे लिए अब तक की मेहनत की सबसे बड़ी पहचान जैसा है। मुझे भारत का प्रतिनिधित्व करने, अपनी आवाज़ वहां ले जाने और उस मंच का हिस्सा बनने पर बेहद गर्व है, जिसे मैं हमेशा से पसंद करता आया हूं।”