91255 06666   |   Registration   |   Login

मानुषी छिल्लर ग्लासगो में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

मानुषी छिल्लर ग्लासगो में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

पूर्व मिस वर्ल्ड और अभिनेत्री मानुषी छिल्लर एक और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करने जा रही हैं। वह 2 अगस्त को ग्लासगो के ओवीओ हाइड्रो में होने वाले ग्लासगो 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स हैंडओवर समारोह में प्रस्तुति देंगी। वह इस आयोजन में प्रदर्शन करने वाली एकमात्र भारतीय अभिनेत्री होंगी।
आधिकारिक घोषणा में उनके सफर को मिस वर्ल्ड के ताज से लेकर कॉमनवेल्थ गेम्स के मंच तक की उल्लेखनीय यात्रा बताया गया है। यह प्रस्तुति अहमदाबाद 2030 की ओर बढ़ते “रोड टू अहमदाबाद” अभियान का भी हिस्सा होगी। समारोह में संगीत, संस्कृति और मनोरंजन के जरिए अगले मेजबान शहर का परिचय कराया जाएगा।
मानुषी ने बीते वर्षों में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की मजबूत और सशक्त छवि प्रस्तुत की है। मिस वर्ल्ड बनने के बाद उन्होंने अभिनय के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और प्रतिभा को भी वैश्विक पहचान दिलाई। ग्लासगो में उनका प्रदर्शन इसी कड़ी में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
कॉमनवेल्थ देशों के दर्शकों के लिए यह समारोह खास रहेगा, जिसमें भारत की सांस्कृतिक उपस्थिति भी प्रमुख रूप से नजर आएगी। मानुषी की भागीदारी से इस आयोजन को भारतीय रंग भी मिलेगा और वह एक बार फिर देश का गौरव बढ़ाती दिखेंगी।