91255 06666   |   Registration   |   Login

"सम्मान कपड़ों पर निर्भर नहीं होना चाहिए" - निधि शेट्टी

"सम्मान कपड़ों पर निर्भर नहीं होना चाहिए" - निधि शेट्टी

टीवी के लोकप्रिय शो अनुपमा में इन दिनों एक बेहद संवेदनशील और प्रासंगिक मुद्दे को उठाया जा रहा है। दीपा शाही और राजन शाही द्वारा निर्मित इस शो में प्रेरणा का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री निधि शेट्टी अब कहानी के केंद्र में हैं। शो के मौजूदा ट्रैक में प्रेरणा परिवार के भीतर अपने पहनावे को लेकर हो रहे भेदभाव और जजमेंट के खिलाफ आवाज उठाती नजर आ रही है।

इस भावनात्मक टकराव पर बात करते हुए निधि ने कहा कि यह सीन सिर्फ गुस्से का नहीं, बल्कि भावनाओं का था। उन्होंने कहा, "मैंने इस सीन को प्रेरणा के गुस्से से ज्यादा उसकी भावना पर फोकस करके किया। वह कपड़ों के लिए नहीं लड़ रही, बल्कि इस बात से थक चुकी है कि इतनी निजी चीज के लिए उसे जज किया जा रहा है। उसे सबसे ज्यादा तकलीफ इस दोहरे मापदंड से हुई, जहां वही कपड़े बेटी के लिए ठीक हैं, लेकिन बहू के लिए सवाल बन जाते हैं।"

निधि मानती हैं कि यह सीन कई महिलाओं की असल जिंदगी से जुड़ा है। उन्होंने कहा, "संदेश बहुत सरल है - सम्मान इस बात पर निर्भर नहीं होना चाहिए कि एक महिला क्या पहनती है या परिवार में उसकी क्या भूमिका है। हर महिला को बिना जजमेंट के अपनी पसंद चुनने की आजादी मिलनी चाहिए।"

अभिनेत्री ने यह भी स्वीकारा कि इस विषय से वह निजी तौर पर भी जुड़ाव महसूस करती हैं। एक अभिनेत्री और कंटेंट क्रिएटर होने के नाते उन्हें भी कई बार अपने पहनावे के कारण जज किया गया है। "लोग अक्सर तस्वीरों या वीडियो देखकर राय बना लेते हैं। समय के साथ मैंने समझा कि आप सबको खुश नहीं कर सकते। जरूरी है कि आप खुद में सहज और आत्मविश्वासी रहें," उन्होंने कहा।

वहीं प्रॉपर्टी में अपना हिस्सा मांगने के ट्रैक पर निधि ने स्पष्ट किया कि प्रेरणा लालच में नहीं, बल्कि आत्मसम्मान के लिए यह कदम उठा रही है। वह गरिमा, स्थिरता और अपने फैसले खुद लेने का हक चाहती है। वह बड़ा परिवार तो चाहती है, लेकिन लगातार के झगड़ों से रिश्तों को बचाने के लिए अलग रहना बेहतर विकल्प लगता है।