भारतीय संगीत जगत के सबसे चर्चित और ग्लोबल सेंसेशन बन चुके हिमेश रेशमिया आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। कोल्डप्ले, लेडी गागा और बेयोंसे जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ ब्लूमबर्ग की ग्लोबल पॉप पावर लिस्ट में शामिल होने वाले पहले भारतीय बनकर उन्होंने इतिहास रच दिया है। गायकी, संगीत निर्देशन, अभिनय और लाइव कॉन्सर्ट्स, हर मंच पर हिमेश ने अपनी अलग पहचान बनाई है। 'कैप मैनिया टूर' के जरिए उन्होंने देश-विदेश में हाउसफुल शोज किए हैं, वहीं हालिया ब्लॉकबस्टर 'बैडएस रवि कुमार' ने फिर साबित कर दिया कि उनका जादू आज भी बरकरार है।
हिमेश ने 2005 में गायकी में कदम रखा और देखते ही देखते एक नए दौर की शुरुआत की। उनके गानों में रोमांस, सूफियाना अंदाज और हाई-एनर्जी बीट्स का ऐसा संगम है जो हर पीढ़ी को जोड़ता है। उनके जन्मदिन पर नजर डालते हैं उनके 10 सबसे यादगार ट्रैक्स पर।
ताजा हिट 'दिल के ताजमहल में' फिल्म बैडएस रवि कुमार से है, जिसमें उनका सिग्नेचर रोमांटिक और क्विर्की अंदाज दिखता है। 'आप की कशिश' 2005 में आई फिल्म 'आशिक बनाया आपने' का वो कल्ट सॉन्ग है जिसने हिमेश को सुपरस्टार सिंगर बना दिया। 2006 का 'झलक दिखला जा' आज भी हर पार्टी और रियलिटी शो की शान है। 'तेरा सुरूर' तो हिमेश की पहचान बन चुका है, एक ऐसा गाना जो आज भी दिलों में गूंजता है।
'खिलाड़ी 786' का 'हुक्का बार' ने पार्टी एंथम की परिभाषा बदल दी, जबकि 'नाम है तेरा' में उनकी खास आवाज और धुन का जादू साफ दिखता है। 'फिर हेरा फेरी' का 'मुझको याद सताए तेरी' हो या 'नमस्ते लंदन' का सोलफुल 'मैं जहाँ रहूँ', दोनों ने उन्हें रोमांटिक गानों का बादशाह बनाया। '36 चाइना टाउन' की 'आशिकी में तेरी' और 18 साल पहले रिलीज हुआ 'तंदूरी नाइट्स' आज भी म्यूजिक लाइब्रेरी में टॉप पर हैं। मौसम बदलते हैं, लेकिन हिमेश रेशमिया के गाने हमेशा दिलों में रहते हैं।