थलपति विजय और पूजा हेगड़े की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने को तैयार है। निर्देशक एच विनोथ की बहुप्रतीक्षित पॉलिटिकल थ्रिलर 'जन नायकन' को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक अभिनेत्री पूजा हेगड़े ने यह फिल्म सिर्फ और सिर्फ इसलिए साइन की क्योंकि यह थलपति विजय की आखिरी थियेट्रिकल रिलीज है।
फिल्म से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया, "पूजा के कई अहम सीन हैं। यह बेहद प्यारी बात है कि उन्होंने 'जन नायकन' के लिए हाँ कहा, क्योंकि यह विजय की राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने से पहले आखिरी फिल्म है। वह इसे यादगार बनाना चाहती थीं। 'बीस्ट' में विजय और पूजा की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया था, इसलिए विजय के प्रति सम्मान और बॉन्ड के कारण ही उन्होंने यह फिल्म स्वीकार की।"
पिछले दिनों निर्देशक एच विनोथ ने खुलासा किया था कि फिल्म में पूजा का स्क्रीन टाइम सीमित होगा, जिसके बाद उनके फैंस थोड़े निराश थे। लेकिन अब नई जानकारी के बाद फैंस में फिर से उत्साह है। माना जा रहा है कि भले ही स्क्रीन टाइम कम हो, लेकिन पूजा के किरदार में दम होगा और वह विजय के साथ अपनी केमिस्ट्री से स्क्रीन पर आग लगाने वाली हैं।
यह फिल्म पूजा हेगड़े के लिए भी बेहद अहम मानी जा रही है। इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि 'जन नायकन' उन्हें कोलिवुड में और मजबूत पकड़ दिलाएगी। विजय और पूजा के अलावा फिल्म में बॉबी देओल और ममिता बैजू जैसे दमदार कलाकार भी नजर आएंगे।
गौरतलब है कि 'जन नायकन' को थलपति विजय की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्म के तौर पर देखा जा रहा है। अभिनेता के राजनीतिक पारी शुरू करने से पहले यह उनकी आखिरी फिल्म होगी, इसलिए इसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज है। फिल्म 23 जुलाई को सिनेमाघरों में ग्रैंड रिलीज के लिए तैयार है।