बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ ने हाल ही में मुंबई स्थित सनातन मठ में पूज्य सरकार से सादर भेंट की और आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों के बीच यह मुलाकात आत्मीय माहौल में हुई, जिसमें समाजहित और जनकल्याण से जुड़े कई विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
पूज्य सरकार ने मठ द्वारा संचालित जनसेवा कार्यों का संक्षेप में परिचय कराया। विशेष रूप से उन्होंने उस कैंसर अस्पताल का उल्लेख किया जो गरीब बेटियों के उपचार एवं देखभाल के लिए निर्माणाधीन है। इसके अतिरिक्त बागेश्वर धाम में निरंतर संचालित माँ अन्नपूर्णा प्रसादम रसोई भंडारे के माध्यम से रोजाना जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने तथा उसके विस्तार योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
टाइगर श्रॉफ ने इन जनकल्याणकारी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं और युवा वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं। उन्होंने मठ के समर्पित प्रयासों की प्रशंसा की और संभवतानुसार सहयोग का आश्वासन दिया।
भेंट के अंत में टाइगर ने पूज्य सरकार को अंगवस्त्र भेंट कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मठ के वरिष्ठ संत तथा कुछ सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। मठ प्रबंधन ने कहा कि फिल्मी हस्तियों का साथ मिलने से जनसेवा की मुहिम को व्यापकता और जनचेतना फैलाने में मदद मिलती है।