दूरदर्शन के सबसे चर्चित धार्मिक धारावाहिक 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले टीवी एक्टर सुनील लहरी अब सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार कोई टीवी शो या फिल्म नहीं, बल्कि उनका खेती का शौक उनके कदम चूम रहा है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में सुनील लहरी अपने फार्महाउस की सैर कराते नजर आए। इस वीडियो में उन्होंने वो सब दिखाया, जिसे देखकर फैंस भी हैरान रह गए। कभी स्क्रीन पर धनुष-बाण संभालने वाले 65 वर्षीय टीवी एक्टर अब खेतीबाड़ी कर रहे हैं। खेतीबाड़ी भी ऐसी वैसी नहीं, ऑर्गेनिक खेती।
सुनील लहरी ने अपने वीडियो में बताया कि उनके फार्महाउस में कई तरह की फल और सब्जियां उगाई जा रही हैं। पालक, मेथी, टमाटर, हरी मिर्च, फूल गोभी, पत्ता गोभी और शिमला मिर्च के साथ-साथ उन्होंने तरबूज, केला, पपीता और काजू भी उगाए हैं। इतनी सारी फसलें देखकर फैंस को भी यकीन नहीं हुआ कि ये सब उनके अपने खेत में तैयार हुआ है। वीडियो में सुनील लहरी खुद खेतों में काम करते और मोरिंगा तोड़ते नजर आए।
सुनील ने कहा कि उनकी उगाई सारी सब्जियां और फल ऑर्गेनिक हैं और उन्हें खेती करके बहुत अच्छा लगता है। फार्महाउस के एक हिस्से में केले के कई पेड़ लगे हैं। सुनील लहरी सिर्फ खेती करवाते नहीं हैं, बल्कि खुद भी इसमें हाथ बंटाते हैं। फैंस के भी कमेंट्स आ रहे हैं और वो हैरान हो रहे हैं कि आखिर सुनील लहरी इतना सब कैसे कर लेते हैं।
सुनील लहरी काफी समय से एक्टिंग से दूर हैं, पर सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं। वह आजकल कभी पोते के साथ तो कभी फार्महाउस पर समय गुजारते हैं। सुनील लहरी ने अपने फॉर्महाउस की सैर करवाई और वे हर एक फल-सब्जी के बारे में बताते नजर आए। रामानंद सागर की रामायण में लक्ष्मण के किरदार से मशहूर हुए सुनील लहरी ने अब खेतों में धनुष-बाण की जगह कुल्हाड़ी-बर्तन संभाला है।