"डीजीपी कश्मीर" का किरदार सम्मान और जिम्मेदारी का पर्याय-अश्मित पटेल

12 जून 2026
"डीजीपी कश्मीर" का किरदार सम्मान और जिम्मेदारी का पर्याय-अश्मित पटेल

अभिनेता अश्मित पटेल ने कहा कि उन्हें अपनी नई फिल्म 'डीजीपी कश्मीर' की शूटिंग शुरू करने पर गहरा गर्व और भारी जिम्मेदारी महसूस हो रही है। यह फिल्म घाटी में तैनात पाँच बहादुर कश्मीरी पुलिस अफसरों की सच्ची घटनाओं पर आधारित है, जिन्होंने आतंकवाद के खिलाफ़ लड़ाई में अपने जीवन के बड़े बलिदान दिए। अश्मित ने बताया कि उन्होंने पहले भी कानून-व्यवस्था के कई किरदार निभाए हैं, लेकिन यह उनकी पहली बायोपिक है और इन्स्पेक्टर बिलाल भट का रोल निभाना उनके लिए बहुत सम्मान की बात है।
अश्मित ने कहा, "किसी वास्तविक नायक की ज़िन्दगी को सच्चाई और संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर लाना आसान नहीं है। इसके लिए गहरा शोध, चरित्र की आंतरिक भावनाओं की समझ और पारिवारिक ज़ख्मों की नाज़ुकता को संवेदनशीलता से दिखाना आवश्यक है।" उन्होंने निर्देशक इम्तियाज भट, क्रिएटिव डायरेक्टर हुसैन खान, निर्माता विजय कुमार और कास्टिंग डायरेक्टर सांची कुलश्रेष्ठा का धन्यवाद किया, जिन्‍होंने उन्हें इस भूमिका के लिए चुना और प्रोजेक्ट की रूपरेखा साझा की।
अश्मित ने कहा कि पूरी टीम यह सुनिश्चित करेगी कि कहानी की हर परत ईमानदारी और सम्मान के साथ दिखाई जाए। उन्होंने आगे कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि उन परिवारों और साथियों का नमन है जिन्होंने आतंकवाद के खिलाफ अदम्य हिम्मत दिखाई। "अब कड़ी मेहनत और शोध का समय है," अश्मित ने जोड़ा। "मैं कैमरा शुरू होने का इंतज़ार नहीं कर सकता।"