हिमांशु राज़
'मेरी भव्य लाइफ' में अपनी शानदार अदाकारी से सुर्खियां बटोर चुके इमरान नाजिर खान इन दिनों रियलिटी शो 'ट्राइबीवर्स' के पहले सीजन को जीतने के जश्न में हैं। आगामी 10 मई को मनाए जाने वाले मदर्स डे पर वह अपनी मां को अपनी प्रेरणा स्रोत मानते हैं। इमरान कहते हैं, "मां के साथ मेरा रिश्ता निस्वार्थ प्रेम, निरंतर प्रोत्साहन और उनके मेरे सपनों में अटूट विश्वास पर टिका है। उन्होंने मुझे सिखाया कि दुनिया संदेह करे तो भी खुद पर भरोसा रखो।"
अभिनय यात्रा के उतार-चढ़ाव में मां का साथ उनकी सबसे बड़ी पूंजी रहा। "ऑडिशन, असफलताओं और छोटी-छोटी जीतों में उन्होंने हमेशा गर्व से मेरा साथ दिया," इमरान ने कहा। बचपन में बच्चे माता-पिता को हल्के में लेते हैं, लेकिन एक दिन सब स्पष्ट हो जाता है। इमरान के साथ भी ऐसा ही हुआ। उन्होंने बताया, "मैंने उनकी कुर्बानियां तब महसूस कीं जब देखा कि उन्होंने मेरे अभिनय करियर के लिए कितना समय, मेहनत और विश्वास लगाया।"
वह अफसोस जताते हैं, "काश, मैं उन्हें ज्यादा बार कह पाता कि आज मैं जो हूं, वह उनकी बदौलत ही हूं।" उनके लिए मदर्स डे साधारण उत्सव नहीं, बल्कि सपनों को हकीकत बनाने वाली महिला का सम्मान है। इमरान बोले, "मदर्स डे का मतलब है उस महिला का जश्न मनाना, जिसने मुझे न सिर्फ पाला, बल्कि मेरे सपनों को परवान चढ़ाया।"