मॉडल, अभिनेत्री, रंगमंच कलाकार, निर्देशक, पटकथा लेखक और वॉयस-ओवर आर्टिस्ट—इन सभी पहचानों को एक साथ सँभालती हुई शीतल उपरे अब अपने करियर की नई पारी की ओर बढ़ रही हैं। शुभ अवसर नवरात्रि पर उनके नए सफर की खबर ने उनके प्रशंसकों के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। बताया जा रहा है कि वह जल्द ही बॉलीवुड के जरिए दर्शकों से नए रूप में मुलाकात करेंगी, हालांकि प्रोजेक्ट की जानकारी अभी गोपनीय रखी गई है।
शीतल का सफर केवल मॉडलिंग तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए ‘मिस हेरिटेज इंटरनेशनल’ जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रौशन किया। वे ‘मिस हेरिटेज इंटरनेशनल’ में दूसरी उपविजेता रहीं, जबकि ‘मिस इंडिया प्रोग्रेस इंटरनेशनल’ का खिताब भी जीता। उन्हें भारत के लिए दो प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिताएँ जीतने वाली पहली युवा भारतीय महिला के रूप में भी जाना जाता है।
रंगमंच से उनका गहरा लगाव रहा है। विभिन्न थिएटर समूहों के साथ 50 से अधिक नाटकों में काम कर चुकी शीतल ने गिरिश कर्नाड के ‘पाशान’, ‘तथागत’ और ‘व्याकुल चंदन्या’ जैसे प्रमुख नाटकों में अभिनय किया। इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय लघु फिल्म ‘तारा द लॉक’ में काम किया और उसकी पटकथा भी लिखी। यह फिल्म इटली और जर्मनी के अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सवों में नामांकित हुई तथा ‘दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल अवार्ड’ से सम्मानित भी हुई।
करियर की शुरुआत उन्होंने प्राइवेट जेट कंपनी से की, इसके बाद सिंगापुर एयरलाइंस में केबिन क्रू के रूप में काम किया। फिर अभिनय के प्रति रुचि ने उन्हें मनोरंजन जगत की ओर ले आया। मराठी फिल्म ‘इंडियन प्रेमाचा लफडा (आईपीएल)’ में उन्होंने अभिनय किया; यह फिल्म 26 दिसंबर 2014 को रिलीज हुई थी।
अब दर्शकों की नजरें शीतल के उस नए प्रोजेक्ट पर टिकी हैं, जिसमें वे किन बड़े कलाकारों के साथ स्क्रीन साझा करेंगी, यह जल्द ही सामने आने की उम्मीद है।
