मराठी फिल्म ‘गोंधळ’ की टीम ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर फिल्म के ऑस्कर अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की। भारत की ओर से 99वें अकादमी पुरस्कारों (ऑस्कर 2027) के लिए आधिकारिक प्रविष्टि चुने जाने के बाद यह मुलाकात फिल्म की अंतरराष्ट्रीय तैयारियों के संदर्भ में अहम मानी जा रही है।
इस मुलाकात की पहल भारतीय फिल्म और टेलीविजन निर्देशक संघ (IFTDA) के अध्यक्ष अशोक पंडित ने की, जबकि प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीजेपी मुंबई के अध्यक्ष अमीत साटम ने किया। टीम ने मुख्यमंत्री के समक्ष अमेरिका में फिल्म के प्रचार-प्रसार और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी प्रस्तुति के लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग तथा बुनियादी ढांचे से जुड़ी सहायता का प्रस्ताव रखा।
प्रतिनिधिमंडल में एफडब्ल्यूआईसीई (FWICE) के महासचिव अशोक दुबे, IFTDA से निशांत उज्वल, फिल्म निर्माता स्वप्ना वाघमारे जोशी के अलावा फिल्म की कलाकार मंडली से किशोर कदम, इशिता देशमुख और योगेश सोहनी भी शामिल थे।
संतोष दवाखर द्वारा लिखित, निर्देशित और निर्मित इस फिल्म की निर्माता दीक्षा दवाखर हैं। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने 33 फिल्मों में से ‘गोंधळ’ को भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना है, जो महाराष्ट्र की लोक परंपराओं और संस्कृति से गहराई से जुड़ी हुई है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस चयन को ‘मराठी सिनेमा के लिए गर्व का पल’ करार दिया और उम्मीद जताई कि महाराष्ट्र की मिट्टी से जुड़ी यह कहानी वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों को छुएगी।
टीम ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने ‘गोंधळ’ की टीम को फिल्म के अंतरराष्ट्रीय सफर और अपनी अपील को उनके सामने रखने का मौका दिया। अब मेकर्स की कोशिश है कि अमेरिका में फिल्म को सही मंच और पहचान मिले और ‘गोंधळ’ के जरिए मराठी सिनेमा की कहानी को वैश्विक स्तर तक पहुंचाया जा सके।
यह सफर सिर्फ फिल्म की उपलब्धि नहीं, बल्कि मराठी सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक मौका है, जिसमें क्षेत्रीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की बड़ी जिम्मेदारी भी शामिल है।
