दिग्गज अभिनेत्री सीमा पाहवा आगामी महिला-केंद्रित क्राइम थ्रिलर ‘लेडी बॉन्ड007’ के साथ वर्टिकल फॉर्मेट में अपना डेब्यू करने जा रही हैं। साजन अग्रवाल के निर्देशन में बनी इस सीरीज़ में सीमा पाहवा एक बिल्कुल अलग और अनदेखे अवतार में नजर आएंगी। वह मीनाक्षी बत्रा नाम की तेज-तर्रार और निडर जासूस का किरदार निभा रही हैं।

यह सीरीज़ क्रांति शनभाग के रॉकेट रील्स ओटीटी पर प्रीमियर होगी। कहानी मीनाक्षी बत्रा के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक रहस्यमयी मामले की जांच के लिए माइक फार्मा में हाउसकीपर बनकर अंडरकवर जाती हैं। मामला संदीप गुप्ता और उसकी कथित रूप से मृत बेटी अन्नू से जुड़ा है। न्याय की तलाश में शुरू हुई मीनाक्षी की जांच जल्द ही लालच, संपत्ति, हत्या और बदले की एक खतरनाक साजिश में बदल जाती है। वर्टिकल डेब्यू पर सीमा पाहवा ने कहा
“मैंने हमेशा ऐसे किरदारों को निभाना पसंद किया है, जो एक अभिनेत्री के तौर पर मुझे कुछ अलग करने का मौका दें। मीनाक्षी बेहद तेज-तर्रार, समझदार और निडर है और उसे निभाना मेरे लिए बिल्कुल नया अनुभव रहा। वर्टिकल फॉर्मेट की अपनी अलग गति और ऊर्जा है और मैं उत्साहित हूं कि दर्शक मुझे ‘लेडी बॉन्ड007’ के इस नए अवतार में देखें।” वहीं इस सीरीज के निर्देशक साजन अग्रवाल ने कहा
“हमारा मकसद एक ऐसी थ्रिलर बनाना था, जो आखिरी पल तक दर्शकों को अंदाजा न लगाने दे कि आगे क्या होने वाला है। मीनाक्षी कोई पारंपरिक जासूस नहीं है। वह लोगों को गौर से देखती है, उन्हें समझती है और हमेशा उनसे कई कदम आगे रहती है। सीमा पाहवा इस किरदार में गहराई और अनिश्चितता लेकर आई हैं। वर्टिकल फॉर्मेट ने हमें कहानी को और तेज, धारदार और ट्विस्ट से भरपूर बनाने का मौका दिया।”
याद रहे सीमा पाहवा के साथ इस सीरीज़ में करिश्मा शर्मा, विशाल मल्होत्रा, सादिया सिद्दीकी, हेमंत पांडे, नसीर अब्दुल्ला, कृष्णा भट्ट, शक्ति कुमार और नायसा दारोले जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।